बेल्थरारोड। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य संरक्षा आयुक्त लतीफ खान ने सोमवार को बेल्थरारोड स्टेशन का निरीक्षण कर विद्युतीकरण का जायजा लिया। भटनी- औड़िहार रेल खंड के विद्युतीकरण के बाद विशेष ट्रेन से अधिकारियों के साथ बेल्थरारोड पहुंच आयुक्त ने सिग्नल प्रणाली की पड़ताल की। उन्होंने रेलवे ट्रैक के विद्युतीकरण की जांच की। मुख्य संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण के बाद विद्युत ट्रेन इस रूट पर दौड़ेंगी। इस दौरान तेज गति से इंजन चला कर ट्रायल किया गया। उन्होंने सलेमपुर, बेल्थरारोड, इंदारा, मऊ, दुल्लहपुर और औड़िहार में सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया। इसके बाद से औड़िहार से भटनी तक ट्रेन का स्पीड ट्रायल किया गया। आयुक्त के साथ एडीआरएम प्रवीण कुमार, निर्माण संगठन के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी आरके यादव, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रोहित गुप्ता, वरिष्ठ मंडल अभियंता अतुल त्रिपाठी समेत रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे।