बेल्थरारोड। विजयदशमी के अवसर पर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता और प्रभु श्रीराम के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर पूजन के साथ हुआ। खंड संघचालक प्रेम शंकर, जिला कार्यवाह सतीश तिवारी और नगर कार्यवाह पवन वर्मा ने संयुक्त रूप से पूजन किया। कार्यक्रम में संघ की स्थापना के 101 वर्ष पूरे होने पर संगठन की यात्रा, अनुशासन, समर्पण और सनातन संस्कृति से जुड़ाव पर चर्चा की गई। जिला कार्यवाह सतीश तिवारी ने अपने बौद्धिक में कहा कि स्वयंसेवकों का त्याग, समर्पण, संस्कार और अनुशासन संगठन की निरंतर यात्रा का प्रमुख आधार है। संघ सनातन संस्कृति से समाज को जोड़ते हुए अखंड भारत के लक्ष्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। इस मौके पर संतोष, सर्वजीत, डॉ. अमित, डॉ. आलोक, अशोक, विजय, राम आशीष सहित अन्य स्वयंसेवक मौजूद रहे।