होली के बाद लौटने वाले यात्रियों की भीड़ सभी ट्रेनों में दिख रही है। बलिया स्टेशन से गुजरने वाली सभी ट्रेनों में सीट फुल हैं। टिकट खिड़की पर कन्फर्म टिकट के लिए लोगों की लंबी लाइन लग रही हैं। इस बीच 11 मार्च से इंदरा जंक्शन पर निर्माण कार्य के कारण तीन जोड़ी पैसेंजर ट्रेन निरस्त और 12 जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों का रूट डायवर्ट होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई।
जिले के बिल्थरारोड़ व रसड़ा स्टेशन पर शनिवार को पहले से टिकट कराए यात्री जब अपनी ट्रेन पकड़ने पहुंचे तो रूट डायवर्ट होने की खबर लगी तो सभी के होश उड़ गए। त्योहार के समय ट्रेनों के अचानक रूटडायवर्ट को लेकर यात्रियों में आक्रोश व्याप्त रहा। मजबूर होकर कई ने टिकट कैंसिल करवाया। कुछ लोग ट्रेन पकड़ने के लिए प्राइवेट वाहन किराये पर लेकर बलिया पहुंचे या वाराणसी पहुंचकर दूसरी ट्रेनों से अपने गंत्वय को रवाना हुए। ट्रेनों के संचालन की जानकारी को लेकर रेलवे स्टेशन के पूछताछ काउंटर पर यात्रियों व स्वजनों की भीड़ लगी रही। पैसेंजर ट्रेन रद्द होने से रोडवेज की आय में इजाफा हुआ। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि बलिया-मऊ से गुजरने वाली ट्रेनों का संचालन 11 से 29 मार्च तक प्रभावित रहेगा।