लालगंज बाजार में बंद पड़ा आरओ प्लांट।
- फोटो : BALLIA
लालगंज। बाजार की सब्जी मंडी में स्थित नलों से दूषित पानी मिलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं शुद्ध पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए सांसद निधि से सब्जी मंडी में लाखों रुपये की लागत से लगी आरओ मशीन करीब एक साल से खराब है। इससे गर्मी मेें लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। लालगंज के बाशिंदों व लालगंज बाजार करने आने वाले विभिन्न गांवों के लोगों को आर्सेनिकमुक्त पानी उपलब्ध कराने के लिए निवर्तमान सांसद भरत सिंह ने सांसद निधि से वर्ष 2018 में लालगंज बाजार सब्जी मंडी में 3.83 लाख रुपये की लागत से आरओ मशीन लगवाया था। एक साल तक तो यह मशीन बढ़िया चली और लोगों ने इस कार्य के लिए सांसद को सराहा भी। लेकिन इसके बाद मशीन का मोटर जल जाने व मशीन में खराबी आ जाने से बंद हो गई। इसके बाद इसकी सुधि लेने वाला कोई नहीं रह गया है। वर्तमान में आरओ मशीन शोपीस बन कर रह गई है। बाजार में आने वाले लोगों सहित लालगंज बाजार के वाशिंदों को नलों से निकलने वाले आर्सेनिकयुक्त पानी पीने को विवश हैं। दरअसल, लालगंज व आसपास के गांवों का भूमिगत जल आर्सेनिकयुक्त है। नलों के पानी को तो यदि किसी बर्तन में दो घंटे के लिए रख दिया जा रहा रहा है तो पानी पीला रंग का हो जा रहा है। वहीं नलों के पानी का उपयोग जिस बर्तन में लगातार किया जा रहा तो वह बर्तन लाल व पीला हो जा रहा है। बाजार करने आने वाले लोगों में जो आर्थिक रूप से मजबूत हैं वे तो बंद बोतल पानी खरीदकर अपना काम चला लेते हैं पर आर्थिक रूप से कमजोर लोग नल से निकले आर्सेनिकयुक्त पानी पीने को विवश हैं। क्षेत्र के अजय सिंह, संजय तिवारी, लालू गुप्ता, मनोज गुप्ता, सरल गुप्ता, जितेंद्र गुप्ता आदि ने बताया कि एक साल से आरओ मशीन खराब पड़ी है जिससे शुद्ध पानी के लिए परेशान होना पड़ता है।