बेल्थरारोड। सरयू नदी का जलस्तर कम हो रहा हैं। लाल निशान 64.010 मीटर से 18 सेंटीमीटर नीचे बहने वाली नदी के जलस्तर में लगातार कमी हो रही है। जलस्तर में कमी के साथ ही संबंधित तटवर्ती क्षेत्रों में कटान हो रहा है। जिससे किसानों के होश उड़ गए हैं। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार शनिवार की शाम जलस्तर 64.830 मीटर पर स्थिर हो गया। पिछले एक हफ्ते से जलस्तर में वृद्धि का सिलसिला जारी रहा और लाल निशान को पार करती हुई जलस्तर करीब आधा मीटर ऊपर पहुंच गया था। उसके बाद जलस्तर में फिर कमी का सिलसिला शुरू हो गया और शनिवार की सुबह जलस्तर लाल निशान से 18 मीटर नीचे पहुंचकर स्थिर हो गया। आयोग ने अगले 24 घंटे में जलस्तर में कमी होने का पूर्वानुमान किया है। जलस्तर में कमी से बाढ़ का खतरा फिलहाल टल गया है। वहीं चैनपुर गुलौरा, मठिया, खैरा खास, तुर्तीपार, हल्दीरामपुर आदि क्षेत्रों में कटान हो रही है। कृषि योग्य भूमि कट कट कर नदी की जलधारा में विलीन हो रही है। इसको लेकर तटवर्ती ग्रामीणों में हड़कंप की स्थिति है। हालांकि जलस्तर में अभी कमी हो रही है, लेकिन बाढ़ का खतरा भी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। क्योंकि नदी की प्रकृति में अप्रत्याशित परिवर्तन से तटवर्ती दर्जनों ग्रामों के हजारों लोग भयभीत हैं।