शुक्रवार से खराब मौसम में सोमवार को भी सुधार नहीं हुआ। सुबह साढ़े आठ बजे से शुरू हुई तेज बारिश दस बजे तक झमाझम होती रही। इस दौरान तेज हवाएं भी चलीं। इसके चलते दलहनी, तिलहनी और गेहूं की फसलों गिर गईं।
किसानों पर प्रकृति की इस मार के बारे में जिला कृषि अधिकारी जेपी यादव के अनुसार तीन दिनों में आंधी और बारिश से दलहनी, तिलहनी की 30 से 40 फीसदी की क्षति हुई है। अगैती गेहूं का भी बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। मौसम का यह हाल देख किसानों ने माथा पकड़ लिया है।
हालांकि मौसम विभाग पटना के निदेशक आरके गिरी ने बताया कि मंगलवार यानी आज से मौसम साफ हो सकता है। आगे 18 और 19 मार्च को भी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में िकसानों का कलेजा हलक में अब्का हुआ है।
सोमवार सुबह हुई झमाझम बरसात से नगर में जगह-जगह जलजमाव और सड़कों पर कीचड़ पसर गया। देर शाम भी बूंदाबांदी जारी रही। जलजमाव और कीचड़ के कारण फिसलन भी बढ़ गई थी। बरसात की वजह से सर्वाधिक परेशानी दो पहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ी।
बहुत जरूरी होने पर ही लोग घरों से निकले। इससे दुकानदारी भी प्रभावित हुई। नगर के काजीपुरा, टीडी कॉलेज से मिड्ढी तक, एनसीसी तिराहा से, जेलरोड, जापलिनगंज रोड पर जलजमाव से लोग परेशान रहे।
मनियर में लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क चौड़ीकरण के लिए बस स्टैंड और चांदूपाकड़ में रोड तोड़कर छोड़ दिया गया है। ऐसे में बारिश से फिसलन बढ़ गई। कई लोग गिरकर घायल हो गए।