बेल्थरारोड। बुधवार को पूर्वाह्न आसमान में गरज चमक और तेज आंधी के साथ हुई वर्षा ने जमकर तबाही मचाई। भयंकर आंधी से दर्जनों पेड़ उखड़ गए तथा हाईटेंशन विद्युत पोल व तार टूट कर धराशाई हो गए। इस दौरान कई स्थानों पर शेड आदि उजड़ गए और चहुंओर अफरा-तफरी का माहौल रहा। जोरदार आंधी और वर्षा से क्षेत्र में काफी क्षति हुई। टीएस बंधा, उभाव, हल्दीरामपुर आदि क्षेत्रों में एक दर्जन से अधिक पेड़ उखड़ गए। हल्दीरामपुर के पास सोनौली- बलिया राजमार्ग पर हाईटेंशन तार पर पेड़ का विशाल डाल गिर पड़ा, जिससे कई पोल और तार टूट कर गिर पड़े। इस स्थिति के चलते मेन सप्लाई बाधित हो गई। मार्ग पर करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित हो गया। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। बाद में सड़क से लकड़ी का डाल हटा कर आवागमन बहाल किया गया। वर्षा से नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों के निचले स्थानों पर जलभराव हो गया, जिससे राहगीरों को फजीहत उठानी पड़ी। उभाव, तुर्तीपार, हल्दीरामपुर आदि क्षेत्रों में विद्युत तार टूट गए और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था छिन्न-भिन्न हो गई।