बलिया। माध्यमिक शिक्षा परिषद से संचालित स्कूलों में अब 9वीं और 10वीं में त्रैमासिक परीक्षाएं होंगी। बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित परीक्षा के लिए सचिव दिव्यकांत शुक्ला ने डीआईओएस को पत्र भेजा है। यह परीक्षा मई के तीसरे सप्ताह में होनी थी, लेकिन गर्मी की छुट्टी के कारण पहली परीक्षा जुलाई के अंतिम सप्ताह में होगी।
जिले में 607 माध्यमिक विद्यालयों में 32 राजकीय, 92 वित्त पोषित और 483 वित्त विहीन हैं। नई शिक्षा नीति लागू होने के कारण यूपी बोर्ड ने कई बदलाव किए हैं। इनमें 9वीं और 10वीं में त्रैमासिक परीक्षा को पूरी तरह से बहुविकल्पीय प्रश्नों के आधार पर कराने का निर्णय लिया है। परीक्षा जुलाई के बाद नवंबर माह के अंतिम सप्ताह में कराई जाएगी। निर्धारित पाठ्यक्रम के हिसाब से ही बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। साथ ही नौवीं से 12वीं तक जनवरी के प्रथम सप्ताह में पाठ्यक्रम को पूरा करने के लिए कहा गया है। डीआईओएस रमेश सिंह ने बताया कि शासन की ओर से पत्र आया है । जिसे सभी प्रधानाचार्यों को सूचना भेज दी गई है। समय से परीक्षा करा ली जाएगी।