चितड़गांव कस्बा स्थित तेलिया पोखर को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए धरने पर चेयरमैन केशरीनंदन त?
- फोटो : BALLIA
बलिया। नगर पंचायत चितबड़ा गांव के चेयरमैन सोमवार को ऐतिहासिक धरोहर तेलिया पोखरा पर हो रहे अतिक्रमण के विरोध में धरने पर बैठ गए हैं। गौरतलब हो कि चेयरमैन केशरीनंदन त्रिपाठी ने सभासदों से हस्ताक्षर कराकर जिलाधिकारी व एडीएम को शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था। पत्र में ऐतिहासिक तेलिया पोखरा पर हो रहे अतिक्रमण को हटवाने के लिए कहा गया था। डीएम ने मामला एसडीएम सदर को सौंपा तो उन्होंने तहसीलदार गुलाब चन्द्रा के नेतृत्व में कमेटी गठित कर पैमाइश करने करने का निर्देश दिया। इसके तहत कानूनगो रंजीत सिंह सोमवार को दोपहर में पैमाइश करने पहुंचे। उन्होंने लेखपाल द्वारा की गई नापी की रिपोर्ट मंगलवार को तैयार कर देने को कहा। लेकिन चैयरमैन यह कहते हुए धरने पर बैठ गए की पोखरा पर चारों तरफ से अतिक्रमण की पैमाइश में यह साबित हो गया है कि चारों तरफ अतिक्रमण किया गया है। अब जब तक पोखरा को अतिक्रमण मुक्त नहीं किया जाएगा तब तक धरना जारी रहेगा। चेयरमैन के धरना पर बैठने की जानकारी मिलते ही कई थानों की फोर्स मौके पर बुला ली गई है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार एसडीएम मौके के लिए रवाना हो गए हैं। नगर पंचायत चेयरमैन के साथ अभिराम त्रिपाठी, महिमा तिवारी, विजय त्रिपाठी, सभी सभासद व दर्जनों की संख्या में नगर के लोग धरना पर बैठे हैं।