बलिया। नगर पालिका परिषद की बोर्ड की बैठक नपा अध्यक्ष संत कुमार उर्फ मिठाईलाल एवं अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार की देखरेख में संपन्न हुआ। सर्कस के लिए एक रुपये में भूमि आवंटन करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
सभासदों एवं नगरपालिका कर्मचारियाें ने विचार-विमर्श किया। 22 सभासदों ने बैठक में प्रतिभाग किया। भूमि मालिकों को मुआवजा दिए जाने और वर्तमान वर्ष के अल्पकालिक अधिग्रहण के लिए किराये में पांच प्रतिशत की वृद्धि किए जाने पर प्रस्ताव पारित हुआ।
इसके साथ ही ददरी मेले में सभी प्रकार की देसी गाय, बैल, भैंस, बछडे़ की बिक्री को बढ़ावा देने पर विचार-विमर्श किया गया। मेले में पुंगनूर नस्ल की गायों का प्रवेश शुल्क व चारा निःशुल्क करने का प्रस्ताव पारित हुआ। मेले में आने वाले पशुओं के लिए व्यापारियों से गाय, बैल, भैस, बछिया तथा गधे के लिए प्रवेश शुल्क 250 रुपये लिए जाएंगे। रजिस्ट्रेशन शुल्क 400 रुपया निर्धारित किया गया। वाहन स्टैंड में साइकिल के लिए 10 रुपये, दो पहिया वाहन के लिए 40 रुपये, चार पहिया वाहन के लिए 100 रुपये शुल्क निर्धारित करने का प्रस्ताव पारित हुआ।
ददरी मेले के लिए भूमि पूजन अक्षय नवमी 10 नवंबर को किया जाएगा। दो पहिया, तीन पहिया व चार पहिया वाहनों का एक्सपो लगाने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया। ददरी में 6 एलईडी एवं 10 नार्मल यूनिपोल पीपीपी मॉडल पर लगाने एवं गंगा घाट किनारे एवं मेला स्थान तथा आसपास के क्षेत्र में भवन निर्माण नहीं कराने पर विचार-विर्मश किया गया।
मेले में मांसाहारी भोजन पर प्रतिबंध लगाने एवं सर्कस के लिए भूमि आवंटन एक रुपये में करने जैसे प्रस्तावों को बोर्ड द्वारा सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।