बांसडीह रोड। थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में प्रधान पद पर जीत के बाद रविवार को विजय जुलूस निकालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने विजयी प्रत्याशी समेत 13 नामजद व 25 अज्ञात पर केस दर्ज किया है। आरोप है कि डीजे के साथ बैंड बाजा बजाते हुए विजयी प्रत्याशी सहित समर्थकों ने बांसडीह रोड-सहतवार मार्ग पर पटाखे भी जलवाए। इसी दौरान गश्त पर निकले थानाध्यक्ष आरएस नागर और उनके मातहतों ने देखा कि जुलूस में किसी भी व्यक्ति मास्क नहीं लगा रखा था। साथ ही सामाजिक दूरी का पालन भी नहीं हो रहा था। लोग धारा 144 का उल्लंघन भी कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर वीडियो बनाकर कार्रवाई शुरू कर दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि विजयी प्रत्याशी पप्पू यादव एवं समर्थक बबलू यादव, संग्राम यादव, छविराम, रोहित यादव, उमेश यादव, छोटू यादव, अजय यादव, शेरू यादव, मनीष, कीर्तिनाथ, आदित्यनाथ, गणपति नाथ, अमित नामजद के अलावा 25 अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए धर पकड़ की जा रही है।