ईद मिलादुन्नवी पर्व पर निकाले गए जुलूस शामिल मुस्लिम समुदाय के लोग।
- फोटो : BALLIA
बलिया। जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर जामा मस्जिद विशुनीपुर से जुलूस निकाला गया। इसके अलावा, बहेरी, जलालपुर, उमरगंज और परमांदापुर, काजीपुरा, राजपुतनेवरी, लोहापट्टी आदि मोहल्लों से भी जुलूस निकाला गया, जो चित्तू पांडेय चौराहा के पास आकर एक हो गया।
इसके बाद, जुलूस शहर के चित्तू पांडेय चौराहा, स्टेशन रोड, चौक शहीद पार्क, लोहा पट्टी होते हुए शनिचरी मंदिर, सारंग होटल, चमन सिंह बाग रोड से होते हुए चौक, धर्मशाला रोड से वापस आकर विशुनीपुर जामा मस्जिद परिसर में समाप्त हो गया। जुलूस में जमा मस्जिद विशुनीपुर के इमाम अहमद रजा हाफिज, फखरुद्दीन हाजी, अफसर आलम, शकील अहमद के अलावा बड़ी तादाद में अकलियत लोग शामिल रहे। जुलूस में वसीमराही बलियावी ने नातिया कलाम पढ़ते हुए राष्ट्रीय एकता बनाए रखने पर बल दिया। साथ ही मुल्क की सलामती के लिए भी दुआ की। इसके पूर्व चित्तू पांडेय चौराहा पर प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने जुलूस की अगवानी की और तकरीर कर रहे मौलानाओं को माला पहना कर स्वागत किया।
जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से बड़ी तादाद में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। साथ ही सादे वेश में एलआईयू के जवान भी पैनी नजर बनाए हुए थे। इसमें कोतवाल प्रवीण कुमार सिंह, सुखपुरा एसओ अमित कुमार सिंह, थानाध्यक्ष हल्दी राकेश सिंह अपने हमराहियों के साथ जुलूस की निगरानी करते रहे।