बलिया। मनरेगा की नई गाइड लाइन, प्रधानों के मानदेय, शौचालय केयर टेकर और पंचायत सहायकों के मानदेयक की मांग को लेकर सोमवार को ग्राम प्रधान सड़क पर उतर आए। मांगों को लेकर नारेबाजी की और बीडीओ के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
बैरिया : अखिल भारतीय प्रधान संगठन के नेतृत्व में प्रधान, रोजगार सेवकों और मनरेगा जाबकार्ड मजदूरों ने सोमवार को आठ सूत्रीय ज्ञापन एडीओ पंचायत रितेश राय को सौंपा। इससे पहले प्रधानों व रोजगार सेवकों की संयुक्त बैठक भी हुई। मनरेगा नई गाइड लाइन को निरस्त कर पुरानी गाइड लाइन लागू करने, ग्राम प्रधानों का मानदेय उनके खाते में भेजने, सामुदायिक शौचालय के केयर टेकर और डाटा एंटी आपरेटर को का मानदेय सरकार की ओर से दिए जाने की मांग की।
सीयर ब्लाक में ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष रामभवन यादव और उपाध्यक्ष ग्राम प्रधान देवेंद्र यादव के नेतृत्व में सात सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम बेल्थरारोड और खंड विकास अधिकारी सीयर को सौंपा। मनियर में थाली व ताली बजाकर विरोध किया। ज्ञापन खंड विकास अधिकारी मनियर इरसाद अहमद को सौंपा। दुबहड़ में राघवेंद्र यादव के नेतृत्व में ज्ञापन खंड विकास अधिकारी शकील अख्तर अंसारी को सौंपा। चिलकहर में अभय कुमार कौशल के नेतृत्व में मांग पत्र अतुल कुमार को सौंपा। रसड़ा में ताली थाली बजाकर विरोध प्रदर्शन किया। खंड विकास अधिकारी प्रवीनजीत एवं सहायक पंचायत अधिकारी ज्ञान प्रकाश पांडेय को ज्ञापन सौंपा।