बलिया। गड़वार थाना के पखनपुरा गांव के समीप नहर में मिले अज्ञात युवती के शव की शिनाख्त छह दिन बाद भी नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के वजहों की पुष्टि भी नहीं हो सकी है। अब मौत के कारणों की जानकारी के लिए पुलिस विसरा की जांच कराएगी। युवती का डीएनए व कपड़ा सुरक्षित रखने के बाद शव का दाह संस्कार कर दिया गया।
पखनपुरा गांव के समीप मंगलवार को नहर में युवती का शव मिला था। पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया, सीमावर्ती थानों में गुमशुदगी का रिकार्ड खंगाला, बावजूद पहचान नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने गर्दन व चेहरे पर जख्म के निशान होने की बात कही थी। ऐसा लग रहा थी कि हत्या कर पहचान छिपाने के लिए चेहरे को कुचल दिया गया हो। हाथ में कलेवा बंधा हुआ था। तीन दिन बाद पोस्टमार्टम होने के बाद मौत का कारण पता न चलने पर मामला पुलिस के सामने चुनौती बन गया है। मौत का कारण जानने के लिए पुलिस विसरा को जांच के लिए भेजेगी। जांच रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों की जानकारी मिलेगी। सीओ सीटी गौरव कुमार ने बताया क शव ज्यादा दिन तक पानी में रहने के कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी। विसरा रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों की जानकारी होगी।