बलिया। जिला अस्पताल के टीबी क्लीनिक से बृहस्पतिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय पति द्विवेदी एवं जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. देवेंद्र सिंह ने सक्रिय टीबी रोगी खोज अभियान को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। सीएमओ ने बताया कि इस अभियान के तहत जनपद की 20 प्रतिशत आबादी की स्क्रीनिंग की जाएगी। टीबी के लक्षण युक्त व्यक्तियों की जांच की जाएगी और जांच में टीबी की पुष्टि होने पर तत्काल उपचार शुरू किया जाएगा। डीटीओ डॉ देवेंद्र सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के अन्तर्गत पांच दिसंबर तक यह अभियान चलाया जायेगा। इस अभियान में स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर टीबी रोगियों को खोजेंगे। इसके लिये 292 टीमें बनाई गयी गई हैं और 62 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। टीबी की पुष्टि होने पर 48 घंटे के अंदर उपचार शुरू किया जाएगा। समन्वयक विवेक सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान टीबी की पुष्टि होने पर हर रोगी की सीबीनॉट जांच कराई जाएगी, साथ ही रोगियों की शुगर और एचआईवी जांच भी की जाएगी। अभियान की समस्त रिपोर्टिंग निक्षय पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।
3748 क्षयरोगी का चल रहा इलाज
जिले में 3748 मरीजों का इलाज चल रहा है। इनमें से 115 एमडीआर टीबी के रोगी हैं। जनवरी से अब तक कुल 5680 टीबी रोगी नोटिफाई किये जा चुके हैं। वर्ष 2019 से अभी तक निक्षय पोषण योजना के तहत टीबी रोगियों को करीब 4.36 करोड़ रुपए का भुगतान डीबीटी के द्वारा किया जा चुका है।