मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) का पोर्टल पिछले दो महीने से शासन द्वारा बंद कर दिए जाने के कारण नई गर्भवती लाभ के लिए ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पा रही हैं। जिन महिलाओं ने आवेदन कर रखा है उन्हें भी आगे की जानकारी नहीं मिल रही है। योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को पोषण के लिए पांच हजार रुपये सरकार की ओर से मिलते हैं। इसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2017 में शुरू की थी। 16 मार्च से इस पोर्टल को बंद कर दिया गया है। बड़ी तादाद में नई गर्भवती योजना का आवेदन नहीं कर पा रही हैं।बैरिया विकासखंड में 152 गर्भवती महिलाएं ऑनलाइन आवेदन के लिए लाइन में हैं। उनका आवेदन ऑनलाइन नहीं होने के कारण संबंधित विभाग को उनके द्वारा ऑफलाइन आवेदन पत्र जमा किया गया है। 350 से अधिक महिलाओं के ऑनलाइन आवेदन पर क्या अपडेट हुआ इसकी जानकारी उन्हें नहीं हो पा रही है। मुरली छपरा में भी यह संख्या लगभग 500 है। ऐसे में किनके लापरवाही के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस ड्रीम प्रोजेक्ट को ब्रेक लगा है। विभागीय कर्मचारियों से पूछने पर वह भी सही और सटीक उत्तर नहीं दे पा रहे हैं। कोई बता रहा है कि नया सॉफ्टवेयर अपलोड किया जा रहा है। इसके चलते ऑनलाइन व्यवस्था बंद हुई है। कुछ कर्मचारी बता रहे हैं कि यह योजना महिला कल्याण विभाग को स्थानांतरित किया जा रहा है। इसलिए इस योजना का पोर्टल बंद किया गया है।