बलिया। भाजपा के सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने कहा है कि बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार प्रचंड बहुमत से बनेगी। चुनाव के बाद आरजेडी, कांग्रेस और वामदल कहां गए, पता ही नहीं चल पाएगा। बिहार के प्रथम चरण में होने वाले मतदान के दर्जनों क्षेत्रो में प्रचार के बाद वापस लौटे सांसद ने अपने दोकटी स्थित आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि लालू का गुंडाराज अभी तक बिहार के लोगों को याद है। एनडीए सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की चर्चा घर-घर में हो रही है। अब एक बार फिर बिहार की जनता एनडीए को समर्थन देने का मन बना चुकी है। मस्त ने कहा कि विपक्ष के पास न तो कोई मुद्दा है न कोई कार्यक्रम। केवल प्रधानमंत्री व बिहार के मुख्यमंत्री के संदर्भ में वहां अनर्गल प्रलाप चल रहा है। बलिया संसदीय क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के संकल्प को दोहराते हुए सांसद ने कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए सरकार ने कई कदम उठाए हैं। इसका असर कुछ दिनों में दिखने लगेगा। सांसद ने जोर देकर कहा कि नया कृषि कानून किसानों के लिए हितकारी है। विपक्ष किसानों को बर्गलाने में लगा हुआ है किंतु उन्हें इसमें सफलता नहीं मिलेगी। संसद ने स्पष्ट किया कि जल्द ही छपरा-बलिया-वाराणसी रेलखंड से कुछ नई गाड़ियों का परिचालन शुरू होगा। इसकी घोषणा रेलवे आने वाले समय में करेगा।