जनपद में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने को लेकर सभी थाना व चौकी पर सीसी कैमरे लगाए जाएंगे। सभी कैमरे वाइस रिकार्डिंग व वाइफाई युक्त होंगे। मुख्यालय और लखनऊ में बैठे अधिकारी जिले के सभी थानों से लेकर चौकियों तक कि हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। जिले में 24 थाने व 42 पुलिस चौकियां हैं। एसपी कार्यालय द्वारा सभी थानों पर सीसी कैमरा लगाने की कवायद की जा रही है। कुछ चौराहों पर आटोमेटिक नंबर प्लेट रिकगनाइजेशन (एएनपीआर) कैमरा लगाने की चर्चा है। इनसे वाहनों की तेज रफ्तार पर नकेल भी कसी जा सकती है। पूर्व में सभी थानों में सीसी कैमरे लगे थे, जिसमें अधिकतर खराब हो गए हैं। इन कैमरों में वाइस रिकार्ड की सुविधा नहीं थी। ना ही इनको मुख्यालय से जोड़ा गया था।
000
शहर व प्रमुख चौराहों पर भी लगेंगे सीसी कैमरा
यूपी बिहार की सीमा पर तस्करी रोकने व अपराधियों पर नकेल कसने को लेकर पुलिस विभाग यूपी-बिहार सीमा, प्रमुख चौराहों व शहर के भीड़ भाड़ वाले चौराहों पर सीसी कैमरा लगाने की तैयारी में लगा है। गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने एसपी राजकरन नय्यर की मांग पर बजट देने का आश्वासन दिया था। एसपी के निर्देश पर प्रस्ताव तैयार हो रहा है। बजट स्वीकृत होते ही सीसी कैमरे लगाने का काम शुरू हो जाएगा।
000
थानों व चौकियों में सीसी कैमरे लगाने की प्रकिया चल रही है। जिले के प्रमुख चौराहों पर भी कैमरे लगाए जाएंगे। कैमरे लगने से विभाग के साथ आमजन को भी सहूलियत मिलेगी।
- राजकरन नय्यर, पुलिस अधीक्षक।