बांसडीहरोड। थाना क्षेत्र के टकरसन में शनिवार की रात एक व्यक्ति की ओर से पुलिस को लूट की सूचना दी गई। कहा कि बाइक सवार बदमाशों ने हथियार के बल पर नगदी लूट ली है। सूचना के बाद पुलिस मामले की छानबीन की तो मामला विवाद का निकला।
थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी नीतीश चतुर्वेदी ने पुलिस को सूचना दी कि वह मुख्यालय से शनिवार की रात घर लौट रहे थे। टकरसन के पास बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने उनसे पांच हजार रुपये नगदी लूट ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पीड़ित से पुलिस को बदमाशों का बाइक नंबर बताया।
इस पर पुलिस ने बाइक का नंबर ट्रेस किया तो पता चला कि बाइक शंकरपुर निवासी की भृगुनाथ तिवारी की है। मामले में जब बाइक स्वामी से पूछताछ शुरू की तो पता चला कि दोनों पक्षों के बीच जमीन विवाद चला आ रहा है। इसे लेकर एक पक्ष की ओर से दूसरे पक्ष को फंसाने के लिए साजिश रची गई थी। तब जाकर पुलिस ने राहत की सांस ली। थानाध्यक्ष राजकपूर सिंह ने बताया कि लूट की सूचना गलत थी। दोनों पक्षों में जमीन को लेकर बीते कई माह से विवाद है।