लालगंज। दोकटी पुलिस ने शनिवार की देर शाम एक गोदाम से 182 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद किया। जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई। उप जिलाधिकारी बैरिया प्रशांत कुमार नायक व क्षेत्राधिकारी आरके त्रिपाठी के नेतृत्व में शनिवार की देरशाम दोकटी पुलिस ने दोकटी स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के पीछे एक गोदाम में छापामारी की। जिसमें करीब 10 लाख रुपये की 182 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद किया। पुलिस ने शराब को कब्जे में लेने के साथ ही चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम व पता जितेंद्र कुमार सिंह उर्फ पुल्लू पुत्र राजेंद्र प्रसाद सिंह निवासी गुदरी का टोला (जगदेवा) थाना बैरिया, दिनेश सिंह पुत्र स्व. राजेश्वर सिंह निवासी दलकी नंबर-एक थाना दोकटी, हरेराम सिंह पुत्र स्व. महादेव सिंह निवासी दोकटी थाना दोकटी, मनीराम पुत्र स्व. मोती प्रसाद गोंड निवासी रामपुर महावल थाना शहर कोतवाली बताया। दोकटी थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि अंग्रेजी शराब के दोकटी लाइसेंसी दुकान की आड़ में बलिया से अंग्रेजी शराब मंगाकर दुकान के पीछे गोदाम में रखा जाता था और उसे बिहार भेजकर अधिक दामों में बेचा जाता था। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी से उक्त शराब के संबंध में कागजात मांगा गया तो दिखाने में आनाकानी की। कड़ाई से पूछताछ करने पर बताया कि अवैध शराब बलिया चौक स्टेशन रोड रिटेल शॉप की है जिसे मैं अपनी लाइसेंसी दुकान की आड़ में मंगाकर सेल्समैनों के सहारे दूसरे गोदाम रखता था और अपने सेल्समैनों के जरिए ऊंचे दामों पर बिहार में बेचता था। गिरफ्तार करने वाली टीम में उप निरीक्षक मोतीलाल, हेड कांस्टेबल अशोक यादव, कांस्टेबल शैलेंद्र कुमार यादव, शिवम चौहान, उत्तम वर्मा आदि रहे।