बलिया। पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिन किसानों की किस्त रुकी है, उसे देने को लेकर सरकार ने कवायद तेज कर दी है। इसे लेकर जिले में तीन दिवसीय पीएम किसान समाधान दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसमें किसानों की समस्याओं को निस्तारित कर किस्त जारी करने की प्रक्रिया तेज की जाएगी। तीन साल बाद भी 20405 किसान कागजी पेंच में उलझे हुए हैं। पीएम किसान सम्मान निधि योजना वर्ष 2018 में लागू किया गया और मार्च 19 तक किसानों के खाते में 2000 रुपये की पहली किस्त भेजे जाने का प्रावधान किया गया और पहली किस्त भी केवल किसानों की खतौनी के आधार पर जारी की गई। हालांकि लोकसभा चुनाव बाद केंद्र सरकार ने सभी किसानों को इसमें शामिल करने का प्रावधान कर दिया। यह भी व्यवस्था की गई कि सभी किसानों का आधार सत्यापन भी हो और खतौनी की मैपिंग कर नए सिरे से फीडिंग की जिम्मेदारी राजस्व विभाग को दी गई लेकिन तीन साल बाद भी 20405 किसानों को इस योजना का लाभ नहीं मिल सका है। बताया जाता है कि इन किसानों के नाम, आधार नंबर, गांव का नाम, बैंक खाता नंबर आदि गलत फीड किए गए हैं। अब प्रदेश सरकार ने कवायद कर 11 से 13 अक्तूबर तक पीएम किसान समाधान दिवस का आयोजन कर समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया है। इसे लेकर कृषि विभाग सभी ब्लॉक स्तरीय बीज गोदामों पर समाधान दिवस का आयोजन करेगा। जिला कृषि अधिकारी विकेश कुमार ने बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिन किसानों की किस्त रुकी है, उनके लिए तीन दिवसीय पीएम किसान समाधान दिवस का आयोजन किया जाएगा। संबंधित किसान अपना दस्तावेज इसमें दुरुस्त करा सकते हैं।