जयप्रकाश नगर। सिताबदियारा के बिहार की सीमा में लाला टोला-रिविलगंज के बीच सरयू नदी पर पीपा पुल बनेगा। इससे सिताबदियारा के करीब 50 हजार की आबादी को सुविधा मिलेगी। अब सिताबदियारा सीधे बिहार से छपरा से जुड़ जाएगा। अब सिताबदियारा वासियों को छपरा जाने के लिए 40 किमी के बजाए मात्र 15 किमी की दूरी तय करनी पड़ेगी।
सिताबदियारा का एक हिस्सा यूपी में है तो कुछ हिस्सा बिहार के हिस्से में है। सिताबदियारा के पूरवा लाला टोला स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण की धरती पर शनिवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आए और वहां की मुखिया की मांग पर लाला टोला से रिविलगंज के बीच सरयू पर पीपा पुल बनवाने की घोषणा की। इसे लेकर सिताबदियारावासियों में काफी खुशी है।
सिताबदियारा में कुल चार पंचायतें हैं। इसमें सिताबदियारा और प्रभुनाथ नगर दो पंचायत बिहार की सीमा में पड़ती है तो वहीं इब्राहिमाबाद नौबरार (अठगावां) और कोडरहा नौबरार (जयप्रकाश नगर) पंचायत यूपी की सीमा में है। सिताबदियारा के लोग पिछले कई दशकों से अपने कार्यों के लिए कुल 40 किलोमीटर की दूरी तय कर छपरा जाया करते हैं। बिहार के मुख्यमंत्री की ओर से जब लाला टोला लोकनायक जयप्रकाश नारायण ट्रस्ट पर शनिवार को आकर सिताबदियारा से रिविलगंज को जोड़ने के लिए पीपा पुल का सौगात दिया, तब से यहां के बाशिंदों में खुशी है। सिताबदियारा के लोगों के लिए नजदीकी बाजार, अस्पताल आदि के लिए बिहार प्रांत के रिविलगंज छपरा आना-जाना होता है। लोग अपने बच्चों को पढ़ाने, इलाज करवाने तथा अपने विभिन्न प्रकार के निजी कार्यो के लिए काफी खर्च कर छपरा जाते-आते हैं लेकिन पीपा पुल बन जाने से अब सिताबदियारा रिविलगंज छपरा की दूरी महज 15 किमी हो जाएगी जिससे आना-जाना बहुत ही आसान हो जाएगा।
यूपी के हिस्से के इन पंचायत के बाशिंदों को मिलेगा लाभ
जयप्रकाशनगर। खवासपुर पंचायत के करीब 10 हजार, कोडरहा नौबरार (जयप्रकाशनगर ) की करीब 15 हजार, इब्राहिमाबाद नौबरार (अठगावां) की करीब 10 हजार निवासियों को सुविधा मिलेगी। इतना ही नहीं क्षेत्र के किसानों को भी काफी लाभ मिलेगा। सिताबदियारा में केला, मटर, सब्जी आदि की खेती बड़े पैमाने पर होती है। लक्ष्मण छपरा, फकरू टोला, शिवन टोला, चांददीयर, टोला बाजराय के, टोला फतेह राय के आदि गांवों के किसानों के लिए मुख्य बाजार रिविलगंज ही है। अब इन किसानों को पीपा पुल बनने से काफी लाभ होगा। क्योंकि यह सभी किसान सिताबदियारा में खेती कर 40 किलोमीटर की दूरी तय कर अपना सामान बेचने जाया करते थे। जो अब 15 किलोमीटर की दूरी होने से समय व पैसे की बचत कर सकेंगे।
यहां बनेगा यह पीपा पुल
मुख्यमंत्री ने स्वयं बंधे पर चढ़कर पीपा पुल बंनाने के लिए जायजा लिया। कयास लगाए जा रहे हैं कि जिस जगह पर उन्होंने निरीक्षण किया। वहीं, पीपा पुल बनेगा। पीपा पुल लाला टोला स्थित जेपी ट्रस्ट के सामने से शुरू होकर सरयू नदी के उस पार रिविलगंज के पास गौतम ऋषि आश्रम के पास तक बनेगा।