बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लेने आईं राज्यपाल आनंदी बेन पटेल का बसंतपुर शहीद स्मारक स्थित विश्वविद्यालय में नव निर्मित अटल प्रशासनिक भवन के लोकार्पण को लेकर बलिया-सुखपुरा मुख्य मार्ग पर यातायात डायवर्जन किया गया था। इससे आम जनता को काफी दिक्कतें उठानी पड़ीं।
मंगलवार को निर्धारित समय पर पहुंचीं राज्यपाल को सबसे पहले विश्वविद्यालय परिसर में जाना था। इसके लिए सुबह साढ़े सात बजे से ही पुलिस के जवान हर चौराहे, गली, मोड़ पर तैनात हो गए। शुरू में बड़े वाहनों को रोक दिया गया था। कुंवर सिंह से लोगों को एनसीसी चौराहे की तरफ से भेजा गया। टीडी काॅलेज से हरपुर मिढडी की तरफ निकाला गया। राज्यपाल का काफिला निकलते समय कुंवर सिंह से बसंतपुर मोड़ तक पूरी तरह से यातायात रोक दिया गया था। इस दौरान ड्यूटी व शहर आने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सिकंदरपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को बसंतपुर मोड़ के पास रोक दिया गया था। यातायात पुलिस लगातार गश्त कर सड़क किनारे से वाहनों को हटाती रही। करीब सुबह 10.45 बजे राज्यपाल का काफिला निकलने के बाद यातायात सामान्य हुआ। इस बीच जरूरी काम से जाने वाले लोग पैदल निकले।