इधर कई दिनों से मौसम का मिजाज गजब हो गया है। लोग दिन में गर्मी व सुबह शाम सिहरन महसूस कर रहे है। गर्मीशीत से लोगों की सेहत बिगड़ जा रही है। लोग जिला अस्पताल, सीएची, पीएचसी में सर्दी, जुकाम, बुखार व खांसी की शिकायत लेकर पहुंच रहे है। वायरल संक्रमण सबसे ज्यादा बुजुर्ग व बच्चों को अपनी जद में ले रहा है। अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 30 से 40 फीसद मरीज वायरल संक्रमण के आ रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि मरीजों की संख्या बढ़ने से कोविड संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। वायरल संक्रमण होने पर समय से उपचार कराएं वरना गंभीर बीमारी के घेरे में आ जाएंगे।शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 1400 सौ मरीज पहुंचे। इनमें अधिकतर वायरल संक्रमण से ग्रसित थे। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. आरके झा ने बताया कि हर पल मौसम का रूख बदलने से वायरल संक्रमण का प्रकोप बढ़ा है। उन्होंने वायरल बुखार न उतरने पर खून की जांच कराने का परामर्श दिया है।