बैरिया। बलिया में माल गोदाम के पास रेलवे की जमीन में बच्चों को खेलने के लिए पार्क बनाने की मंजूरी पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने दे दी है। सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो से सटे उत्तर रेलवे की खाली जमीन में पार्क बनाने का प्रस्ताव पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम को भेजा गया है। उसे भी स्वीकृत कराने का भरोसा जीएम ने दिया है। सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने सोमवार को अपने सोनबरसा स्थित संसदीय कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बलिया शहर सहित जनपद के जिन-जिन कस्बों में जमीन उपलब्ध कराई जाएगी, वहां-वहां वह पार्क बनवाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने लोगों से बच्चों को खेलने के लिए पार्क बनाने के लिए जमीन उपलब्ध कराने का आग्रह किया। अगर सरकारी जमीन हो तो उस विभाग के प्रधान अधिकारी का प्रस्ताव पार्क बनाने के पक्ष में होना चाहिए। अगर जमीन किसी का व्यक्तिगत हो तो उसे पहले राज्यपाल के नाम रजिस्ट्री करनी पड़ेगी, तब उस पर पार्क बन सकेगा। इसी क्रम में बलिया माल गोदाम के पास बच्चों के लिए पार्क बनेगा। वहीं, नगर विकास मंत्री और अन्य विभागों के मंत्रियों से पार्क बनवाने के लिए बात की गई है। सांसद ने सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन के उत्तर तरफ रेलवे की खाली जमीन में गड्ढा भरकर बच्चों के लिए पार्क बनाने की भी घोषणा की है। कहा कि इसके लिए जीएम को जल्द ही प्रस्ताव भेजेंगे।