सुखपुरा। जिला प्रशासन की ओर से पंचायत चुनाव में विकासखंड बेरुआरबारी का मतगणना स्थल सेंट माइकल स्कूल असेगा में निर्धारित किया है, जबकि इसके पूर्व मतगणना स्थल इंटर कॉलेज सुखपुरा में बनाया जाता था। पूर्व के कई चुनावों में सुखपुरा इंटर कॉलेज मतगणना स्थल था। सुखपुरा इंटर कॉलेज को मतगणना स्थल बनाने का मूल कारण यहां से थाना 500 मीटर की दूरी पर पुलिस स्टेशन और जिला मुख्यालय से इसकी दूरी मात्र 12 किलोमीटर है। यहां अनेक सुविधाएं भी हैं। यही नहीं, मतगणना कर्मियों को यहां आने जाने का साधन भी सहजता से उपलब्ध होता रहा है। मतगणना स्थल से बाजार भी नजदीक है, जिसके कारण प्रत्याशियों एवं उनके एजेंटों और समर्थकों को भी तमाम तरह की सुविधा मिल जाती रही है। बावजूद इसके, जिला प्रशासन की ओर से मतगणना स्थल को सुखपुरा से हटाकर सेंट माइकल स्कूल में क्यों कर दिया गया, यह बात समझ से परे है। अब बोर्ड की परीक्षाएं 15 मई तक के लिए स्थगित कर दी गई हैं। ऐसे में सुखपुरा इंटर कॉलेज सुखपुरा को पुन: मतगणना स्थल बनाने की मांग क्षेत्र के प्रबुद्ध लोग कर रहे हैं। इस बाबत आवेदन भी प्रबुद्ध लोगों द्वारा मुख्यमंत्री के जनसुनवाई पोर्टल एवं चुनाव आयोग को भेजने का निर्णय लिया गया है।