बलिया। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में इस बार चाहे ग्राम प्रधान पद का चुनाव हो चाहे बीडीसी, ग्राम पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में एक व्यक्ति चार से ज्यादा पर्चा नहीं भर सकेगा। किसी के द्वारा चार से ज्यादा पर्चा भरने पर स्वत: सभी पर्चों को निरस्त कर दिया जाएगा। यह जानकारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बी राम ने दी। उन्होंने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की प्रक्रिया के लिए जारी निर्देशों के मुताबिक इस बार पंचायत चुनाव में हर गांव से प्रधान पद के लिए अधिकतम 57 लोग ही पर्चा भर सकेंगे। पहले प्रधान पद की दावेदारी के लिए 47 पर्चे ही भरे जा सकते थे। उन्होंने बताया कि गांव-गांव पदों के सापेक्ष उम्मीदवारों की संख्या भी निर्वाचन आयोग ने करीब-करीब तय कर दी है। इसमें एक वार्ड से सदस्य के लिए 18 पर्चा भरे जा सकेंगे। वहीं बीडीसी के लिये 36 पर्चा, ग्राम प्रधान के लिए 57 व जिला पंचायत सदस्य के लिए 53 लोग पर्चा भर सकेंगे। बताया कि पिछले वर्षों में संख्या 45 से 47 रहती थी, लेकिन इस बार बढ़ा दी गई है। इस बार गांवों में अधिकाधिक लोग पंचायत चुनाव में अपनी दावेदारी कर सकेंगे और चुनाव लड़ सकेंगे। सबसे बड़ी राहतभरी खबर उन संभावित दावेदारों के लिए हैं, जो चुनाव की अरसे से चुनाव की तैयारी में जुटे हैं।