बैरिया। तहसील कैम्पस में लेखपाल संघ की बैठक शनिवार को संघ के अध्यक्ष रामनारायण सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में उपस्थित लेखपालों ने एक स्वर से बिना सहमति लिये तहसीलदार द्वारा लेखपालों का स्थानांतरण किये जाने पर विरोध जताया। अध्यक्ष रामनारायण सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि इसके पूर्व लेखपालों का कार्य क्षेत्र बदलने से पहले संघ के पदाधिकारियों से विचार विमर्श किया जाता था, ऐसी कौन सी परिस्थिति आ गयी कि बिना सहमति व हमे विश्वास में लिये करीब आधा दर्जन लेखपाल का कार्य क्षेत्र बदल दिया गया। लेखपालों ने जिलाधिकारी को भेजे गये पत्र में मांग किया कि उक्त तबादला आदेश अविलंब निरस्त किया जाय। स्थानांतरण आदेश 30 जून दिन मंगलवार तक वापस नहीं लिया गया तो लेखपाल संघ बैरिया संघीय कार्रवाई के लिये बाध्य होगी। जिसकी समस्त जिम्मेदारी उप जिलाधिकारी बैरिया की होगी। बैठक में मदन यादव,संजय पांडेय,आकाश सिंह,जितेंद्र सिंह,राजू यादव,धीरज वर्मा,मनोज यादव,ज्योति वर्मा,शिव रंजन सहित काफी संख्या में लेखपाल गण मौजूद रहे।