बेल्थरारोड/चौकिया मोड़। चौकिया- नगरा मार्ग पर रविवार की देर शाम अवायां विद्युत उपकेंद्र के पास कार-बाइक की टक्कर में बाइक चालक की मौत हो गई। वहीं, कार चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। एंबुलेंस से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
बताया जाता है कि उभांव थाना क्षेत्र के सिसयंड कला ग्राम निवासी विकास यादव (22) बाइक से नगरा की तरफ से बेल्थरारोड की ओर आ रहा था कि अवायां ग्राम के पास सवारियों से भरी कार से जोरदार टक्कर हो गई। कार और बाइक की टक्कर से बाइक सवार विकास की मौके पर मौत हो गई। जबकि कार चालक रमेश (37) निवासी मलेरा गंभीर रूप से घायल हो गया। कार में सवार अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं। सूचना पाते ही उभांव इंस्पेक्टर अविनाश कुमार सिंह व चौकी प्रभारी मदनलाल मौके पर पहुंचे तथा शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए बलिया भेज दिया। वहीं, सीएचसी से कार चालक को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।