निकाय निर्वाचन के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया के चौथे दिन बृहस्पतिवार को जिले की 12 निकायों में अलग-अलग तहसीलों में अध्यक्ष के लिए सात और सभासद के लिए 127 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया। इनमें सबसे अधिक अध्यक्ष पद के लिए नगर पंचायत सिकंदरपुर में चार और नगरा, चितबड़ागांव और बांसडीह में एक-एक उम्मीदवार ने निर्दलीय के तौर पर नामांकन किया। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मॉडल तहसील में नगर पंचायत चितबड़ा गांव के अध्यक्ष पद के लिए आनंद कुमार ने पर्चा दाखिल किया। इसके अलावा सभासद के लिए 23 उम्मीदवारों नामांकन किया। जबकि दो लोगों ने अध्यक्ष और तीन ने सभासद के लिए पर्चा खरीदा। इसके अलावा नगर पंचायत, रतसड़कलॉ में अध्यक्ष के लिए ना तो किसी नामांकन किया और ना ही किसी ने पर्चा खरीदा। जबकि सभासद पद के लिए सात उम्मीदवारों ने नामांकन किया और तीन लोगों ने पर्चा खरीदा। नगर पालिका बलिया के अध्यक्ष पद के लिए किसी ने नामांकन नहीं किया। अलबत्ता तीन लोगों ने पर्चा खरीदा। इसके अलावा सभासद के लिए आठ उम्मीदवारों ने पर्चा भरा और 15 लोगों ने नाम निर्देशन पत्र खरीदा। नामांकन के दौरान सुरक्षा के लिहाज से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
बांसडीह तहसील में नगर निकाय चुनाव को लेकर नामांकन के चौथे दिन बृहस्पतिवार को चार नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद के लिए 11 और सभासद के 20 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। इसके अलावा नगर पंचायत, बांसडीह में निर्दल प्रत्याशी छोटेलाल शर्मा ने अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। बांसडीह में सभासद के लिए छह प्रत्याशियों ने नामांकन किया। साथ ही सभासद के लिए तीन पर्चों की बिक्री हुई। नगर पंचायत, रेवती में अध्यक्ष पद के पांच और सभासद के लिए चार लोगों ने पर्चा खरीदा। जबकि18 प्रत्याशियों ने सभासद पद के लिए नामांकन दाखिल किया। नगर पंचायत, सहतवार में अध्यक्ष पद के छह व सभासद के लिए सात लोगों ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदा। जबकि दो लोगों ने नामांकन दाखिल किया। नगर पंचायत, मनियर में सभासद के लिये छह लोगों नामांकन दाखिल किया तथा तीन लोगों ने फार्म खरीदा।
बेल्थरारोड तहसील में नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए अभी तक कोई नामांकन पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया। हालांकि अध्यक्ष के लिए 11 लोगों ने 25 नामांकन पत्र खरीदा है। वहीं, कुल 13 वार्डों में सदस्य पद के लिए नामांकन का दौर जारी है। बृहस्पतिवार को कुल 14 लोगों ने सभासद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन पत्र दाखिल करने के प्रथम दिन चार, दूसरे दिन पांच और तीसरे दिन बृहस्पतिवार को 14 पर्चे भरे गए। इस प्रकार 13 वार्डों में अब तक 23 लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। जबकि अध्यक्ष पद का नामांकन शून्य रहा।
रसड़ा तहसील में निकाय चुनाव के लिए चल रहे नामांकन के चौथे दिन बृहस्पतिवार को नगर पालिका, रसड़ा के अध्यक्ष पद के लिए एक और सभासद के 11 नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री हुई। अध्यक्ष पद के लिए किसी ने पर्चा दाखिल नहीं किया। जबकि सभासद के लिए 18 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। इसके अलावा नवगठित नगर पंचायत नगरा के अध्यक्ष पद के लिए चौथे दिन एक उम्मीदवार ने नामांकन किया। जबकि सभासद के लिए नौ उम्मीदारों ने पर्चा दाखिल किया। इसके अलावा अध्यक्ष के लिए एक और सभासद पद के लिए 12 पर्चों की बिक्री हुई।
बैरिया तहसील में नगर पंचायत, बैरिया के नामांकन के चौथे दिन अध्यक्ष या सभासद पद का कोई नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ। अध्यक्ष पद के लिए गायत्री देवी पत्नी अखिलेश्वर कुंवर व लालझड़ी देवी पत्नी तुलसी वर्मा ने नामांकन पत्र खरीदा। वहीं, सभासद पद के छह नामांकन पत्र बिकें। जिसमें तीन सामान्य वर्ग के व तीन आरक्षित वर्ग के थे।
सिकंदरपुर तहसील में नगर पंचायत चुनाव के नामांकन पत्र विक्रय व नामांकन के क्रम में बृहस्पतिवार को अध्यक्ष पद के लिए उपजिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय में तीन उम्मीदवारों ने नाम पत्र खरीदा। उक्त जानकारी निर्वाचन अधिकारी नगर पंचायत सिकंदरपुर अरुण कुमार मिश्रा ने दी है। वहीं, सभासद पद के लिए 21 नामांकन पत्र सहायक निर्वाचन अधिकारी श्याम सुंदर यादव के कार्यालय से उमीदवारों ने खरीदा। निर्वाचन अधिकारी के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए चार नामांकन दाखिल किए गए। इसमें रीना पत्नी राजेश ने आम आदमी पार्टी के सिंबल पर तथा तीन निर्दलीय उम्मीदवार के रुप पर्चा भरा। जबकि सभासद के लिए 14 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया।