बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र के ताखा पुलिस चौकी के समीप अज्ञात वाहन की चपेट आने से पैदल जा रहा वृद्ध गंभीर रुप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने घायल वृद्ध को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बछईपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायल वृद्ध को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान वृद्ध की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार गड़वार थाना क्षेत्र के असनवार गांव निवासी चुल्ली राजभर 72 शनिवार की शाम जीवित पुत्रिका पर्व के लिए ताखा बाजार में खरीदारी करने आए थे। चुल्ली राजभर सामानों की खरीदारी करके पैदल ही घर जा रहे थे, अभी वे ताखा पुलिस चौकी के समीप पहुंचे ही थे कि अज्ञात वाहन ने पीछे से धक्का मार दिया। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायल चुल्ली राजभर को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बछईपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार कर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान चुल्ली राजभर ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में अंत्य परीक्षण भेज दिया।