बलिया। जिले की उचित दर दुकानों को विकसित किया जाएगा। कार्डधारकों को राशन के साथ-साथ सीएससी की तर्ज पर आय, जाति और निवास प्रमाणपत्र, ई-स्टांप के अलावा कई सुविधाएं मिलेंगी। सरकार की योजना से कोटेदारों की आय में बढ़ोत्तरी होगी।
इसके लिए जिले के 1415 कोटेदारों को विभाग की ओर से ट्रेनिंग भी दी है। इनमें से 47 कोटेदारों ने योजना पर अमल करना भी शुरू कर दिया है। जिला आपूर्ति अधिकारी रामजतन यादव ने बताया कि करीब 1415 उचित दर की दुकानें संचालित हैं। अभी तक लोगों को सिर्फ गेहूं, चावल, चना, चीनी और नमक मिलता रहा है। बताया कि कोटे की दुकानों पर नए राशन कार्ड बनाने के आवेदन, राशन कार्ड की डुप्लीकेट प्रिंटिंग, राशन कार्ड की स्टेटस चेकिंग, शिकायत पंजीकरण, जाति, आय, निवास प्रमाणपत्र, बैंकिंग सेवा, बिजली बिल जमा करने की सुविधा मिलेगी। यही नहीं, यहां 100 रुपये तक के स्टांप भी मिलेंगे ताकि उनकी आय में बढ़ोत्तरी हो सके।
जिले के 1415 कोटेदारों को सीएससी संचालन को लेकर प्रशिक्षित किया गया है। उन्हें सीएससी पर मिलने वाली सुविधाओं के बारे में बताया गया। किस तरह से ऑनलाइन आवेदन किए जाएंगे। कैसे बिजली बिल जमा होगा, इस बारे में भी पूरी जानकारी दी गई है।
- रामजतन यादव, जिला आपूर्ति अधिकारी