ददरी मेला के मीना बाजार में फुटपाथ पर लगे दुकानों को हटाती पुलिस।
- फोटो : BALLIA
बलिया। पहले से ही मेलार्थियों की कमी की मार झेल रहे ददरी मेले के दुकानदारों के लिए बृहस्पतिवार का दिन परेशानी भरा रहा। सुबह मेला खुलते ही सुरक्षा के लिए तैनात पुलिस फुटपाथ पर दुकान लगाने वालों पर टूट पड़ी। मेला में फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले दुकानदारों का आरोप है कि दुकान हटाने के नाम पर पुलिस ने उनकी पिटाई भी और सामान भी साथ ले गई।
दिनभर अभी दुकानदार अभी पुलिसिया कार्रवाई को लेकर ऊहापोह में थे कि शाम को पुन: पुलिसकर्मियों का एक दल मेला परिसर पहुंचा और शाम को भी बकायदा दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। इससे परेशान दुकानदार नगरपालिका के कैंप कार्यालय पहुंचे और मदद की गुहार लगाई लेकिन न तो नगरपालिका चेयरमैन अजय कुमार पहुंचे और ही ना किसी नपा कर्मी ने मदद मुहैया कराई। जबकि फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले भी रोज नगर पालिका को क्रमश: 20 और 30 रुपये के हिसाब से कर देते हैं। पुलिसिया कार्रवाई से तीसरे दिन ददरी मेला में चहल-पहल कम दिखी। झूला, चरखी और जलेबी की दुकान लगाए दुकानदार लोगों की राह निहारते दिखें। दूसरी ओर, मीना बाजार थाना प्रभारी राकेश सिंह का कहना है कि वाहनों के आवागमन और सुरक्षा के दृष्टिकोण से फुटपाथ की दुकानों को हटाया गया है। ताकि अगलगी जैसी विषम परिस्थितियों में दमकल की गाड़ियों को आने में कोई दिक्कत न हो।