बैरिया। तहसील क्षेत्र के नौ साधन सहकारी समितियों पर खाद नहीं है। समितियों पर ताले लटके हैं। किसान मायूस होकर लौट रहे हैं। क्षेत्र में कोटवां, हनुमानगंज, टेंगरहीं, दया छपरा, भगवानपुर सहित 13 साधन सहकारी समिति हैं। समितियों की ओर से 500-500 बोरी प्रति के हिसाब से 01 लाख 25 हजार रुपये जमा कर दिया गया है। इसके बाद भी समितियों पर खाद नहीं पहुंची है। इब्राहिमाबाद के किसान धनंजय सिंह, उपाध्यायपुर के प्रधान धर्मेंद्र तिवारी, गणेश यादव ने बताया कि साधन सहकारी समितियों पर खाद नहीं है। बाजार से महंगे दामों पर खाद खरीदनी पड़ रही है। कोटवां के सचिव हरेंद्र यादव ने बताया कि खाद के लिए पैसा जमा कर दिया गया है। मुख्यालय से खाद उपलब्ध होते ही वितरण शुरू हो जाएगा।