पंदह। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारने की कड़ी में सरकार ने एक और अहम कदम बढ़ा दिया है। पिछले कई दशकों से किराए के मकानों में संचालित हो रहे होम्योपैथी अस्पतालों के भवन निर्माण का रास्ता लगभग साफ हो गया है। प्रदेश सरकार से निर्देश मिलते ही तहसील प्रशासन इलाके में बनने वाले नौ होम्योपैथी अस्पतालों के लिए जमीन का चिह्नांकन शुरू भी कर दिया है। इन अस्पतालों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और वह गंभीर बीमारियों का इलाज भी आसानी से करा सकेंगे।
शासन स्तर मिले पत्र में उप जिलाधिकारी सिकंदरपुर को इन अस्पतालों के निर्माण के लिए तत्काल जमीन चिह्नित करने का निर्देश दिया गया है। अब तक क्षेत्र के चार गांवों से प्रस्ताव भी प्राप्त हो चुके हैं। बाकी की प्रक्रिया जारी है। सब कुछ ठीकठाक रहा तो जल्द ही यह अस्पताल अपने भवन से संचालित होते नजर आएंगे।
इन स्थानों पर बनेंगे हॉस्पिटल
सिकंदरपुर तहसील अंतर्गत बनने वाले होम्योपैथिक अस्पतालों में पंदह ब्लॉक के टंडवा, हथौज, पकड़ी, महुलानपार और जगदरा के अलावा नवानगर ब्लॉक के खटंगा, सिकन्दरपुर व डूहा बिहरा स्थित राष्ट्रीय होमियोपैथिक चिकित्सालय शामिल है। इसके अतिरिक्त मनियर ब्लॉक के काजीपुर स्थित राष्ट्रीय होमियोपैथिक चिकित्सालय के लिए भवन निर्माण की स्वीकृति भी प्रदान की गई है।
होमियोपैथिक अस्पताल के निर्माण के लिए चार ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। दो अन्य गांवों में जमीन चिह्नित की गई है। शेष स्थानों के लिए लेखपालों को निर्देशित किया गया है। जल्द ही जमीन उपलब्ध करा कर संबंधित पत्रावली शासन को भेज दी जाएगी। - रवि कुमार, एसडीएम सिकंदरपुर