जिले में होकर गुजर रहे एनएच 31 पर बैरिया मांझी मार्ग के बीच ठेकहा गांव के सामने स्थित टेंगरहा नाला ?
- फोटो : BALLIA
बलिया। हाजीपुर से गाजीपुर वाया बलिया तक जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-31 को फोरलेन करने और निर्माण कार्य 2021 में शुरू करने की बात कह कर केंद्रीय भूतल व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने जनपदवासियों के मन में नई आस जगाई है। फोरलेन बनने से जहां जिले में विकास को गति मिलेगी वहीं दिल्ली की दूरी कम होगी। पड़ोसी राज्य बिहार समेत अन्य प्रांतों में भी आवागमन सुगम होगा।जून, 2016 में तत्कालीन सांसद भरत सिंह की पहल पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जिले में इस सड़क का शिलान्यास किया था। इसके बाद यह परियोजना अधर में लटक गई थी। धनाभाव में न तो डीपीआर बना और न टेंडर की प्रक्रिया ही शुरू हुई लेकिन सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के प्रयासों से केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री ने फोरलेन निर्माण को लेकर एनएचआई के अधिकारियों को शीघ्र कार्यवाही शुरू करने का निर्देश दिया। गाजीपुर से वाया बलिया होते हुए हाजीपुर तक जा रहे राष्ट्रीय राजमार्ग 31 का 80 किलोमीटर की सड़क बलिया में पड़ रही है। इस समय राजमार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त है। ऐसे में फोरलेन निर्माण की खबर से जिलेवासी उत्साहित हैं। उन्हें इस बात की खुशी है कि एक तरफ फोरलेन होने से यातायात सुगम होगा दूसरे क्षतिग्रस्त सड़क से निजात भी मिलेगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण आजमगढ़ के तत्कालीन परियोजना निदेशक नवीन मिश्रा ने बताया कि गाजीपुर से फेफना, बलिया, बैरिया होकर फोरलेन सड़क बननी है। इसके लिए सर्वे हो चुका है। परियोजना की लंबाई कुल 138 किलोमीटर है जो राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 31 पर बननी है। साथ ही बलिया में माल्देपुर से आरंभ होकर सतीश चंद्र कालेज, कदम चौराहा तक फोरलेन की फ्लाईओवर का निर्माण होना है। यह फ्लाईओवर लगभग चार किलोमीटर का होगा।