हल्दीरामपुर में हुई सामूहिक शादी में सामान न पाने वाले नवविवाहित जोड़े ब्लाॅक मुख्यालय पर सामान लेने पहुंचे। बक्से में अधूरा सामान देख भडक गए और हंगामा करना शुरु कर दिया। सूचना पर पहुंचे भाजपा नेता छट्ठू राम ने इसकी सूचना सीडीओ को दी। उन्होंने वीडियो काल कर बक्सों को दिखाया। सीडीओ ने प्रकरण की जांच कराने का आश्वासन दिया। बाद में भाजपा नेता ने देखा कि कुछ सामान ब्लाॅक के ड्वाकरा हाल के कमरे में रखा हुआ है। इस पर संबंधित बाबू को उन्होंने फटकार लगाई। पुन: बचे सामानों को बक्से के अंदर रखवा कर नवदंपतियों को घर के लिए रवाना किया। हल्दीरामपुर में हुई सामूहिक शादी में बिलंब के वजह से सामान नहीं बंट पाया था। अधिकारियों ने सामानों को ब्लाॅक पर वितरण के लिए भेज दिया। इसकी सूचना पर नवविवाहित जोडे़ सुबह ही ब्लाॅक पर पहुंच गए थे। शुरुआती दौर में ट्राली बैग दिया गया। बाद में करीब 30 को सिर्फ बक्सा ही दिया गया। बक्सा खोल कर देखते ही जोडे़ भडक गए। बक्से में न तो डिनर सेट था, न ही कूकर, साड़ी भी एक ही थी। दूल्हे के लिए पैंट, शर्ट का कपड़ा भी नहीं था। सूची में सब सामानों का उल्लेख था। बक्से में रखे गए प्लेट व चम्मच भी काफी पुराने थे। पूर्व राज्य मंत्री ने ड्वाकरा हाल के स्टोर में देखा तो डिनर सेट, ट्राली बैग रखा हुआ था। इस पर उन्होंने वितरण कार्य में लगे बाबू को कड़ी फटकार लगाई। इसके साथ ही उन्होंने डिनर सेट, कूकर व दो-दो साडी भी दिलवाई। सामान क्यों नही दिया जा रहा था इस सवाल पर संबंधित बाबू धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि सामान पर्याप्त संख्या में नहीं थे। इसलिए नहीं दिया जा रहा था। छट्ठू राम ने कहा कि बेल्थरारोड विधानसभा क्षेत्र से 662 शादी कराई गई है। किसको सामान कितना मिला है इसकी जांच करा कर दोषियों पर कार्रवाई होगी। किसी को भी सरकार को बदनाम करने की छूट नही दी जाएगी।