बलिया। नगर पालिका परिषद द्वारा शहर में पूजा स्थलों और स्कूलों के पास जानबूझ कर डंपिंग ग्राउंड बनाए जाने के विरोध में छात्रों ने छात्रनेता व सामाजिक कार्यकर्ता रिपुंजय रमण पाठक रानू के नेतृत्व में जापलिनगंज में विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही चेताया कि एक सप्ताह के अंदर डंपिंग ग्राउंड को बंद नहीं किया गया तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान रानू पाठक ने कहा कि नपा कर्मियों की मनमानी सेशहर की स्थिति दयनीय हो चुकी है। चारों तरफ कूड़े का अंबार लगाया जा रहा है, नालियां ओवर फ्लो होने के बाद बज़बजा रही है। शिकायत करने पर जिम्मेदार पल्ला झाड़ लेते हैं। रोहित चौबे ने कहा कि जापलिनगंज स्थित राजवैद्य भाखर चौराहे के पास ही दुर्गा मंदिर व निजी विद्यालय संचालित है और वहीं नपा ने अघोषित तौर पर डंपिंग ग्राउंड बना दिया है। कूड़े से उठने वाली दुर्गंध राहगिरों, श्रद्धालुओं और बच्चों की परेशानी का सबब बनी है। इससे मोहल्ले में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। प्रदर्शन करने वालों में आदित्य मिश्रा, अमृत गुप्ता, राम दयाल वर्मा, नन्हे चौबे, अमरजीत पांडेय, मनोज ठाकुर, रिंकू यादव, रामबहादुर यादव धवन, भीम यादव, मोहित गुप्ता, कृष्णा जायसवाल, रंजीत चौहान, रमेश कुमार, राहुल मिश्रा, बबलू यादव आदि रहे।