लालगंज। विकास खण्ड मुरली छपरा के दलनछपरा व दोकटी गांव में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद बुधवार को स्वास्थ्य टीम ने भी कार्रवाई शुरु कर दी। पीएचसी मुरलीछपरा की जांच टीम दलनछपरा पहुंची और मरीज के परिजनों सहित उसके सीधे संपर्क में आए 20 लोगों का सैंपल लिया। इस दौरान उस गांव के काफी लोग इकट्ठा हो गए और जांच दल से पूरे पूरवे के लोगों की सैंपलिंग की मांग करने लगे। इसके चलते जांच दल के लोगों को थोड़ी दिक्कत भी उठानी पड़ी हालांकि स्वास्थ्यकर्मियों के समझाने के बाद जांच प्रक्रिया पूरी हुई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुरली छपरा के प्रभारी डॉ देवनीति सिंह ने बताया कि आशा बहु, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व पीएचसी के डॉक्टरों की टीम ने हॉटस्पॉट गांवों में डोर टू डोर घूमकर कोरोना के लक्षण के विषय में जानकारी प्राप्त किया है। बताया कि बुधवार को 66 प्रवासी जांच कराने पीएचसी मुरली छपरा पर आए जिन लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग कर होम क्वारंटीन रहने की सलाह दी गई।