सहतवार। सहतवार चांदपुर मार्ग पर खोरौली गांव की पुलिया के पास बृहस्पतिवार की शाम को ट्रक के धक्के से दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। चालक गाड़ी को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रक को थाने ले आई।
सहतवार थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सिंगही के चौहान बस्ती निवासी भगवती देवी (55) पत्नी ददन चौहान अपनी बहू नीलम चौहान (24) के साथ सहतवार बाजार आई थी। बाजार करने के बाद किसी परिचित के साथ बाइक से अपने गांव जा रही थी। अभी खोरौली गांव के पास पुलिया पर पहुंची ही थी कि उधर से तेज गति से आ रहे ट्रक ने धक्का मार दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इससे दोनों बाइक से गिर गई जबकि बाइक चालक दूर जाकर गिर गया। संयोग अच्छा रहा कि बाइक चलाने वाला युवक बच गया जबकि इन दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर खड़े ट्रक को कब्जे में लेकर थाने ले गई।लोगों का कहना है कि सहतवार चांदपुर मार्ग एकदम से जर्जर हो गया है। इसके चलते इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।