बलिया। गर्मी की आहट शुरू होते ही मच्छरों का प्रकोप बढ़ने लगा है। जनवरी से अब तक 35 लोगों की एलाइजा जांच में पांच लोग डेंगू पॉजीटिव मरीज मिले है। प्राइवेट जांच केंद्रों के आकड़े इसमें शामिल नहीं हैं। उन आंकड़ों को शामिल किया जाए तो संख्या इससे अधिक हो सकती है।
डेंगू मरीज मिलने की खबर पर स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ी है। संबंधित क्षेत्रों में मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर मलेरिया विभाग की टीमें फॉगिंग व छिड़काव कराने के साथ लोगों को बीमारी से बचाव को जागरूक कर रही हैं। चिकित्सकों के अनुसार आमतौर पर बरसात के बाद सितंबर में डेंगू के मरीज मिलने शुरू होते है, लेकिन इस बार बेमौसम बारिश ने वायरल संक्रमण के साथ मच्छरजनित रोगियों की संख्या में इजाफा किया है। शहर की आवास विकास कॉलोनी, श्रीराम बिहार कॉलोनी, काजीपुरा सहित आधा दर्जन मोहल्ले में जलजमाव की समस्या है। मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव ने बताया कि शहर व उसके आसपास क्षेत्रों में डेंगू के मरीज मिले हैं। उस क्षेत्र को हॉट स्पॉट घोषित कर दवा के छिड़काव के साथ मरीज की लगातार निगरानी की जा रही है।