एनएच-31स्थित देवरिया कला से गड़वार रोड को जोड़ने वाली जर्जर सड़क तथा उससे होकर गुजरता बाइक सवार।
- फोटो : BALLIA
बलिया। जिले में सड़कों को गड्ढामुक्त करने को लेकर कवायद शुरू हो चुकी है। लोक निर्माण विभाग बलिया वृत्त अंतर्गत जनपद के लिए पांच करोड़ और मऊ जनपद के लिए कुल 3.42 करोड़ की धनराशि शासन ने अवमुक्त किया है। अब तक 30 से अधिक सड़कें चिह्नित हुई हैं और यह कार्य जारी है। लोक निर्माण विभाग जल्द ही प्रस्ताव शासन को भेजेगा।
मुख्यमंत्री ने सभी सड़कों को 15 नवंबर तक गड्ढा मुक्त बनाने का निर्देश जारी किया है। गड्ढामुक्त बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाने का भी निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद लोक निर्माण विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सड़कों को चिह्नित करने का काम शुरू कर दिया है। लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ने बताया कि रुक-रुक बरसात होने के कारण कार्य प्रभावित होता है। बताया कि विभाग की ओर से सड़कों को चिह्नित करने का कार्य जारी है।
शासन ने जनपद में स्थित राजमार्ग, अन्य जिला मार्ग और प्रमुख मार्गों को गड्ढामुक्त करने के लिए तीन करोड़ और मऊ में स्थित इन मार्गों को गड्ढामुक्त करने के लिए दो करोड़ की धनराशि जारी है। इसके अलावा, जिले के ग्रामीण इलाकों की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए दो करोड़ और मऊ के ग्रामीण इलाकों की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए 1.92 करोड़ की धनराशि जारी की है। विभाग की ओर से अब तक जिले में 30 सड़कों को चिह्नित किया गया है। हालांकि अभी यह कार्य जारी है। इसके पूरा होने के बाद शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
शासन ने सड़कों को गड्ढामुक्त करने का निर्देश दिया है। यह कार्य 15 नवंबर तक पूरा कर लेना है। गड्ढायुक्त सड़कों को चिह्नित करने का कार्य चल रहा है। जल्द ही कार्य भी शुरू कराया जाएगा। - सीपी गुप्ता, अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग, बलिया वृत्त