बलिया। जनपद में रविवार को पीएचसी व न्यूपीएचसी पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला का आयोजन हुआ। 81 स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे मेले में चिकित्सक, संसाधन व दवा के अभाव में अधिकतर अस्पतालों पर लगे जन आरोग्य मेला के नाम पर खानापूर्ति की गई। बेहतर इलाज की आस में पहुंचे ग्रामीण मरीजों को निराशा मिली। ठंड बढ़ने के कारण सबसे ज्यादा जोड़ों व हड्डी दर्द, सर्दी, जुकाम, कोल्ड डायरिया के मरीज पहुंचे। इसमें अस्थमा व निमोनिया से पीड़ित मरीज भी ज्यादा रहे। संसाधन के अभाव में चिकित्सकों ने जिला अस्पताल को रेफर कर दिया।
इंदरपुर क्षेत्र में ठंड के कारण पीएचसी नगरा पर आरोग्य मेले के प्रति मरीजों का उत्साह नहीं रहा। चिकित्सक अस्पताल के पीछे आग के पास बैठे रहे। इक्के दुक्के मरीज आते रहे। राजकीय होमियोपैथिक अस्पताल खरुआंव के चिकित्सक व फार्मेसिस्ट दवाओं का स्टाल लगाए हुए थे। चिकित्सक डा. शरद सिंह ने बताया कि 25 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें नि:शुल्क दवाएं दी गई। जयप्रकाश नगर क्षेत्र के अस्पतालों पर लगे आरोग्य मेला में 112 मरीजों का परीक्षण,उपचार व निशुल्क दवा वितरण किया। जेपी नगर में डा. पवन कुमार सिंह ने 42 रोगी, मुरली छपरा स्वास्थ्य केन्द्र पर डा. देवनिति सिंह ने 40 रोगी,न्यू पीएसी शिवन टोला में डा. सतीशचन्द्र राय 10 व आयुर्वेदिक चिकित्सालय शिवन टोला में डा .सन्तोष यादव ने 10,स्वास्थ्य केंद्र बहुआरा में 10 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण ,उपचार व निःशुल्क दवा वितरण किया गया।
नरहीं क्षेत्र के स्वास्थ्य केन्द्रों पर जन आरोग्य मेला में 128 मरीजों इलाज हुआ। सीयर के अधीक्षक डॉ आरके सिंह ने बताया कि न्यू पीएचसी ककरासो में डॉ आरके पांडेय ने 41, फरसाटार में डॉ विक्रम सोनकर ने 21, पशुहारी में डॉ एसके जायसवाल ने 16, सोनाडीह में डॉ रामअशीष की ने 25 और किड़ीहरापुर में डॉ कुशाग्र सिंह की देखरेख में 25 मरीजों का इलाज किया गया। इसमें सर्दी, बुखार, जुकाम और मौसमी बीमारियों से संबंधित मरीजों की संख्या अधिक रही।