बलिया। जनपद में एंटी सूदखोरी सेल के गठन के बाद लगातार प्रताड़ना की शिकायतें आने लगी हैं। बलिया पुलिस लगातार सूदखोरों पर शिकंजा कसती जा रही है। सदर कोतवाली क्षेत्र के दो पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस से व्यापारी आत्महत्या मामले में जेल में बंद दो आरोपियों पर साहूकारी अधिनियम समेत अन्य धाराओं में फिर केस दर्ज किया है।
नगर के आर्य समाज रोड़ निवासी मीरा गुप्ता ने कोतवाली में लिखित शिकायत की कि पति हरिशंकर गुप्ता पेंट आदि की दुकान चलाते थे। व्यवसाय के लिए उन्होंने बांसडीहरोड थाना के परिखरा निवासी सुनील मिश्र से कुछ वर्ष पहले करीब 2.90 लाख रुपये कर्ज लिए थे। पैसा का दस गुना ज्यादा देने के बावजूद 27 लाख रुपये बकाया होने का दावा कर जबरदस्ती दबाव बनाकर मकान की रजिस्ट्री करा ली। इसके बाद तनाव में आकर पति ने घर छोड़ दिया। महिला की तहरीर पर पुलिस ने सुनील के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
वहीं, दुबहड़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति की तहरीर पर शहर के रामपुर महावल निवासी रणजीत सिंह उर्फ हनुमान व उनके दो अज्ञात गुर्गों के खिलाफ साहूकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित का कहना है कि कुछ दिन पूर्व लिए गए कर्ज से डेढ़ गुना पैसा दे चुका हूं। इसके बावजूद वह और पैसा देने के लिए दबाव व उत्पीड़न कर रह थे। फिलहाल दोनों आरोपित जिला जेल में बंद है। दोनों पर पुलिस ने साहूकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।