बैरिया। थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवक द्वारा मंगलवार की देर रात छह वर्षीय चचेरी बहन के साथ अश्लील हरकत करने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में पिता की तहरीर पर पुलिस ने छेड़खानी व पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। एसएचओ बैरिया राजीव मिश्र ने बताया कि मोहम्मद रजा (22) अपनी चचेरी बहन को कैरम बोर्ड खेलने के बहाने एकांत में अपने टेंपो पर बुला लिया और अश्लील हरकत करने लगा। बालिका के चिल्लाने पर घर के लोग दौड़ कर गए तब तक वह भाग खड़ा हुआ। रात में ही डरी सहमी बालिका को लेकर उसके पिता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ विजय यादव द्वारा उसका इलाज किया गया। बुधवार की सुबह गांव के कुछ लोगों के साथ थाने पहुंचे पीड़िता के पिता ने अपनी बेटी के साथ दुष्कर्म होने की शिकायत की। तहरीर पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और बालिका को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा। बताया कि जांच रिपोर्ट आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।