हनुमानगंज मंडल अध्यक्ष को हटाने के विरोध में नगर के टीडी कालेज चौराहा पर राज्यमंत्री आनंद स्वरू?
- फोटो : BALLIA
बलिया। भाजपा की ओर से तीन मंडलों में अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की गई तो पद से हटाए गए पदाधिकारी न सिर्फ विरोध पर उतर आए, बल्कि टीडी कॉलेज चौराहे पर राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला का पुतला फूंक विरोध जताया। इस दौरान हनुमानगंज मंडल के कई पदाधिकारियों ने पार्टी से त्याग पत्र देने की भी घोषणा की। भाजपा हनुमानगंज मंडल के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को टाउन डिग्री चौराहे पर राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। भाजपा हनुमानगंज मंडल के अध्यक्ष रहे मायाशंकर राय को बिना नोटिस पद से हटाने का विरोध कर रहे थे। मंडल के सभी पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष को अपना त्यागपत्र भी भेज दिया है। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि राज्यमंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक आनंद स्वरूप शुक्ला को काफी दिनों से मंडल अध्यक्ष खटक रहे थे। कई माह पहले ही हटाने की तैयार की जा चुकी थी। मंत्री जनपद के संगठन को अपने अनुसार संचालित करना चाहते हैं। इस मौके पर मंडल महामंत्री रिंकु दुबे, अमित सिंह, उपाध्यक्ष ओम शक्ति त्रिपाठी, जय प्रकाश गलहौत, सुरेंद्र गुप्ता, सुभाष राय, उमेश शाह, सत्या प्रकाश, करन चौहान, सुनील गुप्ता आदि थे। बता दें कि हाल ही में पार्टी की ओर से हनुमानगंज मंडल अध्यक्ष मायाशंकर राय, रसड़ा पूर्वी के मंडल अध्यक्ष देवेश तिवारी और खेजुरी के मंडल अध्यक्ष अजय सिंह को भी पद से हटा दिया गया था।