पंदह। उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद के सचिव ओपी त्रिपाठी ने सहायता प्राप्त संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को मध्याह्न भोजन, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक और डीबीटी जैसी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। योजनाओं को समय पर लागू करने के लिए सचिव ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को पत्र जारी कर कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से विद्यालयों का नाम, यू-डायस कोड, छात्रों की संख्या, मध्याह्न भोजन की स्थिति, रसोइयों व बर्तनों की उपलब्धता, मुफ्त किताबों के वितरण और डीबीटी से लाभान्वित छात्रों का पूरा विवरण मांगा है। परिषद ने स्पष्ट किया है कि यह सारी जानकारी 3 जुलाई तक अनिवार्य रूप से परिषद कार्यालय की ई-मेल आईडी पर भेज दी जाए ताकि विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय से मिल सके।