सलेमपुर सांसद रविंद्र कुशवाहा।
- फोटो : BALLIA
बेल्थरारोड। सलेमपुर के भाजपा सांसद रवींद्र कुशवाहा ने लोकसभा में बलिया में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कालेज की स्थापना से स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा। लोकसभा में सोमवार को लोक महत्व के प्रश्नोत्तर काल में अपने दिए गए वक्तव्य की जानकारी देते हुए सांसद ने कहा कि बलिया में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति ठीक नहीं है। सदन को बताया कि गंभीर बीमारी के इलाज के लिए बलिया वासियों को दो सौ किलोमीटर दूर वाराणसी, गोरखपुर या पटना जाना पड़ता है। कहा कि बलिया के सिकंदरपुर स्थित पूर ग्राम में 37 एकड़ भूमि कॉलेज के लिए अधिकृत की गई है। यहां कॉलेज की स्थापना की जा सकती है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से जनहित के मद्देनजर अधिग्रहित भूमि पर मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग की।