बेल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के शाहपुर अफगा ग्राम में मंगलवार को करंट लगने से विवाहिता की मौत हो गई। जबकि उसे बचाने आई सास गंभीर रूप से झुलस गई।
शाहपुर अफगा की रिंकू देवी (35) पत्नी अजीत निषाद हैंडपंप के पास बर्तन साफ कर रही थी। इस दौरान पंप में प्रवाहित करंट की चपेट में आ गई और चिल्लाने लगी। इस दौरान उसकी सास कलावती (70) पत्नी रामनारायण उसे बचाने आई तो वह भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। आनन-फानन में परिजनों ने गंभीर रूप से झुलसी महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रिंकू देवी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से झुलसी कलावती को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।