बलिया। डिब्रूगढ़ से नई दिल्ली तक जाने वाली अप 20505 राजधानी एक्सप्रेस शनिवार को निरस्त रही जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिना अग्रिम सूचना के ट्रेन निरस्त करने को लेकर यात्रियों में रोष रहा। यात्री अपना टिकट वापस कर अन्य साधनों से अपने गंतव्य को रवाना हुए। इसी तरह अमृतसर से डिब्रूगढ तक जाने वाली ट्रेन 15934 को भी निरस्त कर दिया गया। वहीं डिब्रूगढ से चलने वाली 20503 एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब 13 घंटे देरी से चल रही है। जबकि 12561 स्वतंत्रता सेनानी अप एक्सप्रेस 19 व 26 दिसंबर तथा दो जनवरी से 30 जनवरी तक निरस्त रहेगी वहीं 12562 स्वतंत्रता सेनानी डाउन एक्सप्रेस 20, 27 दिसंबर से 31 जनवरी तक निर्धारित दिनों को चलने वाली निरस्त रहेगी। गाड़ियों के विलम्बित व निरस्तीकरण से मॉडल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। स्टेशन अधीक्षक संजय सिंह ने बताया कि राजधानी एक्सप्रेस निरस्त है लेकिन उसका कारण पता नहीं है।